Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

युवा उद्यमियों की कंपनियों का मूल्यांकन 23 प्रतिशत बढ़कर 48 लाख करोड़ रुपये पर: रिपोर्ट

मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) देश में 35 साल से कम आयु के युवाओं द्वारा संचालित कंपनियों का कुल मूल्यांकन 23 प्रतिशत उछलकर 48 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यह कहा गया।

'एवेंडस वेल्थ - हुरुन इंडिया अंडर-35 (यू35) लिस्ट 2026' में शामिल युवाओं की संख्या सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 155 से 180 हो गई है। इस सूची में अपना कारोबार चला रहे संस्थापक और पारिवारिक कारोबार के उत्तराधिकारी दोनों शामिल हैं।

इस सूची में पांच करोड़ डॉलर या उससे अधिक मूल्य के उपक्रम खड़ा करने वाले पहली पीढ़ी के संस्थापकों और 10 करोड़ डॉलर के पारिवारिक व्यवसायों को आगे बढ़ा रहे अगली पीढ़ी के अगुआओं को शामिल किया गया है।

हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा कि सूची में एक अरब डॉलर से अधिक मूल्यांकन वाली 37 कंपनियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ये उद्यम सामूहिक रूप से 5.88 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सूची में शामिल 180 दिग्गजों में 71 प्रतिशत पहली पीढ़ी के उद्यमी हैं।

सूची के अनुसार अंतरिक्ष, रक्षा और विनिर्माण क्षेत्रों में काम कर रहे संस्थापकों के साथ-साथ कृत्रिम मेधा (एआई) और मशीन लर्निंग क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों की संख्या चार गुना बढ़कर 12 हो गई है।

सूची में शामिल संस्थापकों की औसत आयु 33 वर्ष है, और गोल्डियम इंटरनेशनल के अनमोल भंसाली 31 वर्ष की आयु में सूची में सबसे कम उम्र के हैं। इसमें 23 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें फॉक्सटेल की रोमिता मजूमदार सबसे कम उम्र की महिला उद्यमी हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि प्रतिष्ठित शिक्षा संस्थानों में आईआईटी दिल्ली 11 पूर्व छात्रों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद आईआईटी खड़गपुर के 10 तथा आईआईटी मद्रास और दिल्ली विश्वविद्यालय के 7-7 पूर्व छात्र इस सूची में शामिल हैं।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण