अहमदाबाद, 16 अक्टूबर (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (डीएसआईआर) में निर्माणाधीन प्रमुख औद्योगिक, सामाजिक और शहरी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक के दौरान उन्होंने अहमदाबाद जिले के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएमएचसी) से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की निर्माण स्थिति का भी जायजा लिया।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के तहत विकसित किए जा रहे एनएमएचसी का उद्देश्य भारत की समृद्ध और विविध समुद्री विरासत को प्रदर्शित करना है।
बयान में कहा गया, ''मुख्यमंत्री पटेल ने धोलेरा एसआईआर (अहमदाबाद जिला) और लोथल में निर्माणाधीन राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएमएचसी) में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने उन स्थलों का दौरा भी किया, जहां धोलेरा में स्थापित हो रहे उद्योगों के कर्मचारियों के साथ ही अन्य निवासियों और आगंतुकों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा सुविधाएं विकसित की जा रही
हैं।''
मुख्यमंत्री ने दौरे के दौरान धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (एसआईआर) के एक्टिवेशन एरिया में विभिन्न सामाजिक बुनियादी सुविधाओं के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण