विजयनगरम, 16 अक्टूबर (भाषा) पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ ने 100 गेंद में 151 रन की शानदार पारी खेली जिससे कर्नाटक अंडर-19 टीम ने शुक्रवार को यहां गुजरात को पांच विकेट से हराकर वीनू मांकड़ ट्रॉफी के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
कप्तान अन्वय ने अपनी आक्रामक पारी में 20 चौके और तीन छक्के लगाए। उन्हें ध्रुव कृष्णन का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 100 गेंद में 131 रन बनाए। दोनों की पारियों की मदद से कर्नाटक ने वीजेडी पद्धति के तहत मिले 352 रन के विशाल लक्ष्य को 45.3 ओवर में हासिल कर लिया।
अन्वय और ध्रुव ने तीसरे विकेट के लिए 26 ओवर से कुछ अधिक समय में 203 रन की बड़ी साझेदारी की।
इससे पहले गुजरात ने समीर भंडारी (88 गेंद में नाबाद 119) और यश पंवारनी (57 गेंद में नाबाद 106) के शतकों की बदौलत 50 ओवर में चार विकेट पर 357 रन बनाए थे।
भंडारी और पंवारनी ने 30.3 ओवर में चार विकेट पर 140 रन के स्कोर से गुजरात की पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए महज 19 ओवर में 217 रन की साझेदारी की।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द