Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

यूट्यूबर से मारपीट मामले में अभिनेता एजाज खान ने महाराष्ट्र साइबर के सामने दर्ज कराया बयान

मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) मुंबई में एक यूट्यूबर द्वारा मारपीट करने और उसके गुप्त अंगों का वीडियो बनाने का आरोप लगाए जाने के बाद अभिनेता एजाज खान शुक्रवार को अपने वकील के साथ यहां महाराष्ट्र साइबर प्रकोष्ठ के सामने पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि खान अपने कानूनी सलाहकार वकील अली काशिफ खान देशमुख के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) और महाराष्ट्र साइबर प्रमुख यशस्वी यादव से मिले और अपना पक्ष रखते हुए बयान दर्ज कराया।

शिकायत के अनुसार, यह कथित घटना सितंबर में उपनगर जोगेश्वरी के एक मॉल में एक फिल्म के पहले प्रदर्शन के दौरान हुई थी।

यूट्यूबर हर्षवर्धन बेनीवाल ने दावा किया है कि किसी बात पर हुए विवाद के बाद खान और उनके साथ मौजूद अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की, उनके कपड़े फाड़ दिए और उनके गुप्त अंगों का वीडियो बना लिया।

शिकायत के आधार पर 29 सितंबर को खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी और पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया था। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र साइबर मुख्यालय के बाहर शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए वकील देशमुख ने अभिनेता का बचाव किया और दावा किया कि उनके मुवक्किल के खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

वकील ने दावा किया, 'हर्ष बेनीवाल द्वारा मेरे मुवक्किल के खिलाफ पूरी तरह से झूठा और निराधार मामला चलाने के लिए महाराष्ट्र साइबर का दुरुपयोग किया जा रहा है।'

भाषा सुमित रंजन

रंजन