नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तर दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों तस्करी में कथित रूप से शामिल दो टैक्सी चालकों और एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से 22.1 ग्राम कोकीन, 90 ग्राम हेरोइन और 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद की है। मादक पदार्थों की आपूर्ति के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली एक टैक्सी को भी जब्त कर लिया गया है।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी अच्छे बाबू (25), उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी ज़ाहिद (22) और नाइजीरियाई नागरिक कैजेथन चुक्वुजेक्वु (43) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को 12 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि अच्छे बाबू और ज़ाहिद कथित तौर पर मादक पदार्थों की आपूर्ति करने के लिए कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर आएंगे।
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस टीम ने रात करीब 9:15 बजे अच्छे बाबू को पकड़ लिया और इसके बाद पास में खड़ी एक कार से ज़ाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान 16.4 ग्राम कोकीन और 90 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों टैक्सी चालकों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वे कैजेथन के संपर्क में आए थे, जिसने शुरू में उनकी टैक्सी किराए पर ली थी और बाद में उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल कर लिया।
भट्ट ने बताया कि उनकी निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 13 अक्टूबर को महरौली से कैजेथन को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 5.7 ग्राम कोकीन तथा 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, कैजेथन ने पूछताछ में बताया कि वह 2022 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था और वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी यहीं रह रहा था।
पुलिस ने कहा कि वह अमेका नामक एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक के साथ मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल था।
डीसीपी ने कहा कि अमेका का पता लगाने के लिए छापेमारी की गई, लेकिन वह नहीं मिला।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन