(हेडिंग में सुधार के साथ रिपीट)
प्रयागराज, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जमीन विवाद को लेकर अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को अधिवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्रा और उनके बेटे नृपेंद्र नाथ मिश्रा को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी इलाके में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (नगर) सागर जैन ने बताया कि दोनों आरोपियों को बेली अस्पताल के गेट से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अपर शासकीय अधिवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्रा का एक विवादित संपत्ति को लेकर अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव से विवाद हुआ था।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर हुई झड़प के दौरान मिश्रा ने श्रीवास्तव को गोली मार दी, जिसके बाद परिजन उन्हें स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी में देवेंद्र नाथ मिश्रा, उनकी पत्नी शैल मिश्रा, बेटे अमरेंद्र नाथ मिश्रा और नृपेंद्र नाथ मिश्रा सहित आठ से दस अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
भाषा राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र
जितेंद्र