Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

विरोध प्रदर्शनों को ‘विदेशी शक्तियों’ का समर्थन हो सकता है: शिंदे

ठाणे, 16 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि विपक्ष उच्चतम न्यायालय तक मार्च निकालकर और दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन कर देश की संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रहा है।

शिवसेना प्रमुख ने कहा कि पड़ोसी देशों नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका में हुई नागरिक अशांति का उदाहरण देने वाले लोग भारत में भी अशांति और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

शिंदे ने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों में से कुछ में विदेशी ताकतें शामिल प्रतीत होती हैं या वे इन्हें समर्थन दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा परिकल्पित संविधान के तहत स्थापित संस्थाओं का अनादर कर रहे हैं।

शिंदे ने दावा किया, ‘‘राहुल गांधी संविधान की प्रति हाथ में लेकर उसके विपरीत काम कर रहे हैं। वह निर्वाचन आयोग और उच्चतम न्यायालय जैसी संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं। वह और विपक्ष झूठे विमर्श के जरिए लोगों को भड़का रहे हैं।’’

हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत के 140 करोड़ लोग ऐसे प्रयासों से बहकावे में नहीं आएंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वे विकास के लिए काम करने वालों के साथ खड़े रहेंगे। जनता देश में अराजकता पैदा करने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी, चाहे उसे देश के भीतर से समर्थन मिल रहा हो या विदेश से।’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भारत को एकजुट करने की बात करनी चाहिए।

शिंदे एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, जिसमें शिवसेना (उबाठा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे उनकी पार्टी में शामिल हुए।

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल