नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) जिंदल फेरस ने 5,000 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित ‘ब्लास्ट फर्नेस’ परियोजना शुरू कर दी है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने बयान में कहा कि इस एकीकृत ‘ब्लास्ट फर्नेस’ परिसर में सिंटर संयंत्र, 22 लाख टन सालाना क्षमता वाला स्टील मेल्ट शॉप (एसएमएस) और इससे जुड़ा बुनियादी ढांचा शामिल है।
यह इकाई सिंटर संयंत्र के जरिये धातु उत्पादन से निकलने वाले कचरे के पुनर्चक्रण और विभिन्न परिचालन गतिविधियों में प्रक्रिया के दौरान निकलने वाली गैसों के इस्तेमाल की सुविधा भी देता है।
कंपनी ने कहा, “5,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित यह संयंत्र एकीकृत, संसाधन-कुशल और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विनिर्माण क्षमता तैयार करने पर जिंदल फेरस के दृष्टिकोण को दर्शाता है।”
कंपनी के प्रवर्तक अभ्युदय जिंदल ने कहा कि ओडिशा भारत के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक विकास केंद्रों में से एक बनकर उभरा है। यहां प्राकृतिक संसाधनों, बुनियादी ढांचे की संपर्क सुविधा, नीतिगत समर्थन और दीर्घकालिक विनिर्माण क्षमता का उपयुक्त मेल है।
जिंदल ने कहा, “इस परियोजना से 2,000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। साथ ही, इससे आसपास के समुदायों के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी योगदान मिलेगा।”
भाषा यासिर रमण
रमण