मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) मुंबई पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से मेफेड्रोन, हेरोइन और कोकीन समेत 15.87 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए और इस दौरान फरार 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 72 मामले दर्ज किए गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार और बृहस्पतिवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान 40 लोगों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी तामील किए गए।
पुलिस की यह व्यापक कार्रवाई इस साल 30 जुलाई को शुरू किए गए ‘नशामुक्त मुंबई’ अभियान और केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के उद्देश्यों के अनुरूप है। केंद्र सरकार का यह अभियान इस साल दो अगस्त को शुरू हुआ था।
अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय पुलिस थानों, मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) और अपराध शाखा की विशेष इकाइयों ने समन्वित तरीके से यह कार्रवाई की, जिसके दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए।
पुलिस ने गांजा, मेफेड्रोन, हेरोइन/ब्राउन शुगर, चरस, एलएसडी ब्लॉटर्स, कोकीन, हशीश और हाइड्रोपोनिक गांजा समेत कुल 46.16 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किए। इसके अलावा, कोडीन युक्त कफ सिरप की 9,540 बोतलें भी जब्त की गईं। अधिकारियों ने बताया कि 15.87 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों के अलावा 9.47 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।
अभियान के दौरान जांचकर्ताओं को पता चला कि मादक पदार्थों से जुड़े एक ऐसे आरोपी ने अपने चार सहयोगियों के साथ मिलकर मादक पदार्थों की तस्करी का गिरोह बना लिया था, जिसके खिलाफ पहले भी मामला दर्ज किया जा चुका था। इसके बाद अपराध शाखा ने पांचों आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के कड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच, महानगर में शैक्षणिक संस्थानों वाले 9,031 स्थानों पर जागरूकता अभियान भी चलाए गए। नवरात्र और गरबा जैसे त्योहारों एवं समारोहों के दौरान आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों के जरिये भी लोगों को जागरूक किया गया। इन अभियानों के माध्यम से अनुमानित 1,83,928 नागरिकों तक पहुंच बनाई गई।
भाषा गोला रंजन
रंजन