काहिरा, 16 अक्टूबर (भाषा) भारत के जगशेर सिंह खंगूरा को जूनियर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के लड़कों के एकल वर्ग में शुक्रवार को यहां सेमीफाइनल में हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
भारतीय खिलाड़ी को इंडोनेशिया के रादित्य बायू वर्धाना के खिलाफ 6-15, 15-13, 3-15 से हार का सामना करना पड़ा। 49 मिनट तक चले मुकाबले में खंगूरा ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम जीता, लेकिन निर्णायक गेम में वह प्रतिद्वंद्वी की आक्रामकता और बेहतर स्टैमिना का सामना नहीं कर सके।
इस पदक के साथ जूनियर विश्व चैंपियनशिप की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भारत के कांस्य पदकों की संख्या सात हो गई है। भारत के कुल पदकों की संख्या अब 13 हो गई है, जिसमें एक स्वर्ण और पांच रजत पदक भी शामिल हैं।
खंगूरा ने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि क्वार्टर फाइनल तक उनका प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन वह सेमीफाइनल में इससे बेहतर कर सकते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरा पहला विश्व जूनियर टूर्नामेंट था और यह शानदार अनुभव रहा। मुझे इससे कई चीजें सीखने को मिली हैं। अब मुझे अपने स्टैमिना और आक्रामक खेल में सुधार करना होगा।’’
भाषा आनन्द नमिता
नमिता