Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही सीएम हेल्पलाइन 1076 : साय

रायपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है।

उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर अब तक दर्ज 2.31 लाख से अधिक शिकायतों में से 88.85 प्रतिशत का निस्तारण किया जा चुका है।

अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री साय ने नवा रायपुर स्थित सीबीडी बिल्डिंग में संचालित हेल्पलाइन कार्यालय पहुंचकर इसके कामकाज की समीक्षा की।

उन्होंने बताया कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुशासन की पहली कसौटी है।

अधिकारियों के अनुसार, हेल्पलाइन के माध्यम से लोग राशन, पेंशन, बिजली, आवास और पेयजल जैसी सेवाओं से जुड़ी शिकायतें घर बैठे दर्ज करा सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि नौ जून से 15 अक्टूबर 2026 तक हेल्पलाइन पर कुल 2,31,850 शिकायतें दर्ज की गईं, इनमें से 2,05,996 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 25,854 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।

उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन पर प्रतिदिन औसतन 1,500 से 2,000 शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण, शिकायतकर्ताओं से मिली प्रतिक्रिया और विभागवार व जिलेवार प्रदर्शन की जानकारी ली।

उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों से भी चर्चा की और विभिन्न शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति जानी।

साय ने हेल्पलाइन के शुरुआती परिणामों को उत्साहजनक बताते हुए कहा कि शिकायतों का निराकरण अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

भाषा संजीव जितेंद्र

जितेंद्र