ठाणे, 16 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में जन्मदिन पर पार्टी देने और मोटरसाइकिल खरीदने के वास्ते पैसे जुटाने के मकसद से 17 वर्षीय दोस्त की सोने की चेन लूटने के लिए उसकी हत्या करने के आरोप में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (जोन-पांच) प्रशांत कदम ने संवाददाताओं को बताया कि ठाणे पश्चिम के आजाद नगर में रहने वाले 17 वर्षीय लड़के के माता-पिता ने 25 सितंबर को उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा पिछली शाम से लापता है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
अधिकारी ने बताया कि कासरवडवली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया और किशोर के दोस्तों से पूछताछ शुरू की। इनमें से एक दोस्त ने बताया कि उसने 24 सितंबर को लापता किशोर को एक अज्ञात युवक के साथ स्कूटर पर देखा था।
अधिकारी के अनुसार, उस दोस्त ने बताया कि स्कूटर ब्रह्मांड सर्कल से घोड़बंदर रोड की ओर जा रहा था। हालांकि, इस मार्ग और आसपास के इलाकों में लगे 80 से 90 सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच के बावजूद स्कूटर या उस पर सवार दोनों युवकों की कोई तस्वीर नहीं मिली।
अधिकारी ने कहा, ‘‘मोबाइल नंबरों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के तकनीकी विश्लेषण तथा स्कूल के दोस्तों, रिश्तेदारों और कर्मचारियों से पूछताछ के दौरान कुछ विसंगतियां सामने आईं। इसके बाद 15 अक्टूबर को उसके किशोर दोस्त से विस्तार से पूछताछ की गई। उसने कबूल किया कि उसने अपने एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर 24 सितंबर की रात ब्रह्मांड फेज-2 के पास लापता किशोर की हत्या कर दी थी।’’
अधिकारी ने बताया कि आरोपी किशोर ने पुलिस को बताया कि उसने और उसके दोस्त ने जन्मदिन की पार्टी के लिए पैसे जुटाने और मोटरसाइकिल खरीदने के मकसद से लापता किशोर की सोने की चेन लूटने के लिए उसकी हत्या की थी।
उन्होंने बताया कि दोनों ने अपने दोस्त पर चाकू से वार किए और भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। सबूत मिटाने के लिए वे अगले दिन दोबारा घटनास्थल पर लौटे, शव पर पेट्रोल डाला और उसे आग लगा दी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘जांचकर्ताओं को और अधिक भ्रमित करने के लिए उन्होंने लापता किशोर का मोबाइल फोन तोड़ दिया और उसके टुकड़े एक गुजरती बस पर फेंक दिए, ताकि फोन की लोकेशन अलग-अलग इलाकों में बदलती रहे।’’
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए ये तरीके फिल्मों और धारावाहिकों से सीखे थे।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शव बरामद होने के बाद अपहरण के मामले में हत्या, सबूत नष्ट करने और अन्य अपराधों से संबंधित धाराएं भी जोड़ दी गईं।
अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ निरीक्षक निवृत्ति कोल्हटकर के नेतृत्व में कासरवडवली पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
भाषा गोला रंजन
रंजन