Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

नीतीश के लिए नौ हत्याओं की साजिश रची थी: अनंत कुमार सिंह

पटना, 16 अक्टूबर (भाषा) बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से नाराज बताये जा रहे विधायक अनंत कुमार सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मदद के लिए नौ लोगों की हत्या करवाई थी।

आगामी विधान परिषद चुनाव में जदयू द्वारा नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने से मोकामा से विधायक सिंह नाराज हैं।

नीरज कुमार, विधान परिषद के तीन बार सदस्य रह चुके हैं।

उन्होंने नीरज कुमार को हराने का संकल्प लेते हुए जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन करने की बात भी कही है।

अनंत सिंह ने एक मीडिया संस्थान से बातचीत में कहा, ‘‘नीतीश कुमार और मेरे संबंध बहुत पुराने हैं। उनकी मदद करने के लिए मैंने नौ लोगों की हत्या करवाई। जब वह संघर्ष कर रहे थे और राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे, तब मैं उनके साथ खड़ा था।’’

सिंह ने कहा कि जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करना नीतीश कुमार की अवहेलना नहीं है।

उन्होंने 2005 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा था और उसी वर्ष नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे।

विवादित बयानों के लिए चर्चित सिंह ने कुछ घंटे बाद सफाई देने के लिए पत्रकारों को अपने आवास पर बुलाया हालांकि, इस दौरान उनके बयान से जदयू की मुश्किलें बढ़ गईं।

इस बीच, जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने एक वीडियो बयान जारी कर पार्टी को इस विवाद से अलग करने का प्रयास किया।

उन्होंने अनंत सिंह का नाम लिए बिना कहा कि नीतीश कुमार का 50 साल का राजनीतिक करियर बेदाग रहा है।

प्रसाद ने कहा, ‘‘उनका (नीतीश कुमार का) अपराधियों से मेलजोल, हिंसा में संलिप्तता या किसी भी तरह की नकारात्मक गतिविधि से कोई संबंध नहीं रहा है। इस तरह के बयान पर पार्टी कोई संज्ञान नहीं लेती और न ही जनता इसे गंभीरता से लेने वाली है।’’

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र