मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक 'एंट्री' चुनी गई संतोष दावखर की मराठी थ्रिलर फिल्म 'गोंधल' 13 नवंबर को देशभर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
दावखर फिल्म्स के बैनर तले लिखी, निर्देशित और निर्मित यह फिल्म मराठी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज की जाएगी।
दावखर ने एक बयान में कहा, 'जब हमने 'गोंधल' बनानी शुरू की थी, तो हमारा मकसद अपनी मिट्टी की संस्कृति, लोक परंपराओं और अनकही कहानियों को सच्चाई के साथ पर्दे पर दिखाना था। लोककथा पर आधारित इस थ्रिलर फिल्म को ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक 'एंट्री' चुना जाना हमारे लिए बड़े सम्मान की बात है। अब 13 नवंबर को इसे देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने से ऐसा लगता है मानो यह कहानी अपना सफर पूरा करके वापस वहीं आ गई है जहां से शुरू हुई थी।'
उन्होंने आगे कहा, 'जब भावनाएं सच्ची और ईमानदार हों, तो सिनेमा में भाषा की कोई रुकावट नहीं होती। मैं बहुत आभारी हूं कि भारत के हर कोने से दर्शक एक साथ मिलकर बड़े पर्दे पर इस अलौकिक और रोमांचक सफर का अनुभव कर सकेंगे।'
'फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया' (एफएफआई) ने 18 सितंबर को 'गोंधल' को ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना था।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश