(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन और मध्य दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय के पास तिरंगा मार्च निकाला।
हाथों में तिरंगा लिए पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने पंडित रविशंकर शुक्ल लेन स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर मार्च निकाला और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारे लगाए।
आप नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार यह ‘निर्देश’ नहीं दे सकती कि आम लोग राष्ट्रीय ध्वज कहां फहरा सकते हैं।
दिल्ली में आप के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने तिरंगा थामे पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की मौजूदगी में ‘नॉर्थ एवेन्यू’ में मार्च निकाला।
भारद्वाज ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘सरकार और पुलिस यह निर्देश नहीं दे सकती कि नागरिक राष्ट्रीय ध्वज कहां फहरा सकते हैं। यह उसका काम नहीं है। हमने यहां तिरंगा फहराया, क्योंकि हमें लगा कि ऐसा किया जाना चाहिए। लोग जहां भी तिरंगा फहरा सकते हैं, उन्हें वहां इसे फहराना चाहिए।’’
आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा, ‘‘यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है और यह आंदोलन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा।’’
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को लोगों से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने की अपील की थी।
यह मार्च कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने के मुद्दे पर दिल्ली पुलिस के साथ गतिरोध के बीच आयोजित किया जाना था।
हालांकि, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने घोषणा की कि ‘प्रशासनिक कारणों’ से सेंट्रल पार्क शुक्रवार और शनिवार को आम लोगों के लिए बंद रहेगा।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह किसी उपयुक्त स्थान पर चुनिंदा लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति दे सकती है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश