जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के उभरते धावक ऋषिप्रसाद देसाई ने शुक्रवार को यहां इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 के पहले दिन पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का मीट रिकॉर्ड तोड़ दिया।
ऋषिप्रसाद ने 10.35 सेकेंड का समय लेकर 2024 में अनीमेष कुजूर के बनाए 10.38 सेकेंड के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
उन्नति बोलांडा ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में 11.62 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने साक्षी चंपाला के नाम दर्ज मीट रिकॉर्ड की बराबरी की।
पोल वॉल्ट में देव कुमार मीणा ने 5.30 मीटर की ऊंचाई पार करके स्वर्ण पदक जीता और अपना ही 5.20 मीटर का पिछला मीट रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसी स्पर्धा में कुलदीप कुमार ने भी 5.30 मीटर की ऊंचाई पार की और रजत पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
महिलाओं की चक्का फेंक स्पर्धा में प्रिया ने 53.07 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता और नितिका कुमारी के 50.73 मीटर के पिछले मीट रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
नितिका ने 51.92 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक जीता जबकि अनीशा 51.11 मीटर के प्रदर्शन के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द