Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

नशीले पदार्थों के मुद्दे पर पंजाब को बदनाम कर रहा है केंद्र: भगवंत मान

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (भाषा) मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर गुजरात के बंदरगाहों के जरिए होने वाली नशीले पदार्थों की आपूर्ति रोकने के बजाय पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया।

मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कांडला बंदरगाह पर 3,000 किलोग्राम कृत्रिम नशीले पदार्थों की जब्ती की जिम्मेदारी लेने को कहा।

राज्य सरकार के नशा विरोधी अभियान 'युद्ध नशियां विरुद्ध' की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद फिल्लौर में संवाददाताओं से बात करते हुए मान ने कहा कि उनकी सरकार तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, जिसमें काली कमाई से बनाई गई संपत्तियों को ध्वस्त करना भी शामिल है।

पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दल नशीले पदार्थों की समस्या के मुद्दे को लगातार जोर-शोर से उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री से शुक्रवार को शाह की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा था कि पंजाब नशीले पदार्थों, गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है।

'एक्स' पर एक पोस्ट में शाह ने मान से पूछा था कि आखिर पंजाब के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।

उन्होंने यह भी कहा था कि केंद्र सरकार दो घटनाओं को लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगेगी - जिनमें दिरबा में कथित तौर पर दबाव में एक पिता द्वारा जहर खाने की घटना और मनसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या शामिल है।

मान ने कहा कि वह सोशल मीडिया मंच पर शाह के पोस्ट का पहले ही जवाब दे चुके हैं।

पंजाबी में किए गए एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने गुजरात के कांडला बंदरगाह पर 3,000 किलोग्राम 'चिट्टा' (कृत्रिम नशीला पदार्थ) की कथित जब्ती का जिक्र किया और केंद्रीय गृह मंत्री से अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

मान ने पोस्ट में कहा, 'अमित शाह जी, मेरे बारे में बोलने से पहले आपको अपने सलाहकारों से राय ले लेनी चाहिए थी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का अधिकार क्षेत्र 50 किलोमीटर के दायरे में है... गुजरात के कांडला बंदरगाह पर 3,000 किलोग्राम 'चिट्टा' पकड़ा जा रहा है। भगवंत मान पर दोष मढ़ने से पहले अपनी जिम्मेदारियों की जवाबदेही तय करें। अपने चाटुकारों के लिए तैयार किए गए ट्वीट को केवल कॉपी-पेस्ट न करें।'

मान ने कहा, 'अगर पाकिस्तान से नशीले पदार्थ आते हैं, तो बीएसएफ किसके अधीन आती है? यह केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है। अगर गुजरात में नशीले पदार्थ पकड़े जाते हैं, तो वहां किसकी सरकार है? वहां भाजपा की सरकार है। दूसरों पर दोष मढ़ने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।'

उन्होंने कहा, 'पंजाब को बदनाम करने से पहले अमित शाह को सोचना चाहिए।

भाषा सुमित नरेश

नरेश