Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

कोटा के सरकारी अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद दो मरीजों में गुर्दे में संक्रमण के मामले

कोटा, 16 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) में सिजेरियन प्रसव के बाद दो महिलाओं में गुर्दे में संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इससे पहले मई में इस सरकारी अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद 12 महिलाओं को गुर्दे में गंभीर संक्रमण के मामले सामने आए थे, जिनमें से पांच की बाद में मौत हो गई थी।

अधिकारियों के अनुसार, ताजा मामले कोटा जिले की रहने वाली रेशमा (40) और अनीता (30) से संबंधित हैं। दोनों का बुधवार को एनएमसीएच के स्त्री रोग विभाग में सिजेरियन प्रसव हुआ था। रेशमा का यह चौथा सिजेरियन प्रसव था, जबकि अनीता का दूसरा।

शुरुआत में दोनों की हालत स्थिर दिखाई दे रही थी, लेकिन ऑपरेशन के कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें पेशाब संबंधी गंभीर समस्याएं होने लगीं।

रेशमा की हालत बिगड़ने के कारण परिजन बृहस्पतिवार को उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां वह फिलहाल गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं। वहीं, अनीता को भी उसी दिन एनएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक स्थित आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया।

एनएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बुधवार को सिजेरियन प्रसव के बाद दो मरीजों की तबीयत बृहस्पतिवार सुबह बिगड़ गई।

शर्मा ने कहा कि एक मरीज के परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए हैं जबकि दूसरी मरीज अनीता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में स्थानांतरित किया गया है।

उन्होंने बताया कि अनीता की हालत फिलहाल स्थिर है।

भाषा

शफीक नरेश

नरेश