नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने पश्चिम बंगाल में कोयला खनन और चोरी करने वाले गिरोह के कथित सरगना अनूप माजी की 136 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां कुर्क की हैं। इनमें होटल-सह-रिसॉर्ट, बैंक में जमा धनराशि और शेयर शामिल हैं।
केंद्रीय एजेंसी के अनुसार, यह गिरोह कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयला निकालने और उसकी चोरी करने में शामिल था। बाद में इस कोयले को पश्चिम बंगाल की विभिन्न फैक्टरियों को नकद में बेचा जाता था। इसमें स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की कथित तौर पर सक्रिय मदद भी मिलती थी।
ईडी ने एक बयान में बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अस्थायी कुर्की आदेश जारी किया गया है। इसके तहत पुरुलिया स्थित गढ़ पंचकोट इको टूरिज्म और बांकुड़ा स्थित बिहारीनाथ इको टूरिज्म नाम के दो होटल-सह-रिसॉर्ट, कोलकाता स्थित दो संपत्तियां, कुछ मुखौटा कंपनियों की बैंक जमा राशि तथा माजी परिवार के सदस्यों के शेयर और म्यूचुअल फंड में निवेश कुर्क किए गए हैं।
एजेंसी ने बताया कि इन संपत्तियों का कुल मूल्य 136.44 करोड़ रुपये है।
ईडी ने कहा कि वह धन शोधन के इस नेटवर्क की विभिन्न परतों का पता लगाने, अपराध से अर्जित आय के अंतिम लाभार्थियों की पहचान करने और ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के पट्टे वाले क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन और चोरी से अर्जित धन को वैध बनाने में शामिल अन्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं की पहचान करने के लिए जांच जारी रखे हुए है।
एजेंसी के अनुसार, इस ताजा आदेश के बाद मामले में अब तक कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 815.08 करोड़ रुपये हो गया है।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश