नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की चार कृषि मंडियों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने वाली विकास परियोजनाओं का शुक्रवार को शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के मुताबिक, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आजादपुर स्थित कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी) कार्यालय से इन परियोजनाओं की नींव रखी गई जिसका उद्देश्य मंडियों में सड़क, जल निकासी, भंडारण और तकनीक आधारित प्रबंधन की सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
बयान के मुताबिक, केशोपुर फल एवं सब्जी मंडी में 9.48 करोड़ रुपये की लागत से 20 वर्ष से अधिक पुरानी आंतरिक सड़कों का निर्माण कर वाहनों, व्यापारियों और कृषि उत्पादों की आवाजाही सुगम बनाई जाएगी जबकि नरेला की लगभग 33 एकड़ में फैली नई अनाज मंडी में दो अस्थायी शेड बनाए जाएंगे, जिससे किसानों और व्यापारियों को अनाज रखने के लिए ढकी जगह मिलेगी और बारिश और खराब मौसम में नुकसान का जोखिम कम होगा।
इसमें कहा गया है कि आजादपुर नई सब्जी मंडी के बी और सी ब्लॉक में करीब 30 वर्ष पुरानी सीवर और ड्रेनेज लाइनों से जुड़ी समस्याओं को दूर किया जाएगा और लाइनों के धंसने, टूटने, अवरुद्ध होने और पानी के रिसाव की समस्याओं में सुधार से जलभराव कम करने, स्वच्छता बनाए रखने और मंडी का संचालन बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं, आजादपुर फल एवं सब्जी मंडी के प्रवेश और निकास द्वार पर ‘स्लो स्पीड वे इन मोशन’ प्रणाली लगाई जाएगी जिससे व्यावसायिक वाहनों को पूरी तरह रोके बिना उनका वजन किया जा सकेगा और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तैयार होने से वजन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा संचालन में जवाबदेही बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “कृषि मंडियां किसानों की मेहनत और उनकी उपज को बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मंडियों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं होने से कृषि उत्पादों की आवाजाही, रखरखाव और सुरक्षा अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सकती है।”
भाषा नोमान नोमान रमण
रमण