पटना, 16 अक्टूबर (भाषा) बिहार में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।
भाजपा ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में किशोर की कथित टिप्पणी पर आपत्ति जताई।
‘पीटीआई-भाषा’ हालांकि इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
किशोर वीडियो में राज्य में कथित ‘एनकाउंटर राज’ की आलोचना करते सुनाई देते हैं।
उन्होंने कथित तौर पर कहा, ‘‘अगर अपराधियों को गोली मारकर हत्या करना ही एकमात्र रास्ता है, तो मैं यह बताना चाहूंगा कि सम्राट चौधरी से बड़ा कोई अपराधी नहीं है।’’
भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कथित बयान की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ और गैरजिम्मेदाराना बताया।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री के खिलाफ हिंसक भाषा का इस्तेमाल करने से प्रशांत किशोर की राजनीतिक सोच और मंशा पर सवाल उठते हैं। प्रदेश इकाई के प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने भी किशोर की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और धमकी की भाषा स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने किशोर से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।
भाजपा की महासचिव प्रीति शेखर ने किशोर पर ‘गुंडागर्दी’ का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायकों ने सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री चुना था।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र