होशियारपुर (पंजाब), 16 अक्टूबर (भाषा) पंजाब के हाशियारपुर के टांडा में अनाज मंडी के पास दो लोगों के बीच कहासुनी के बाद झड़प के दौरान एक व्यक्ति ने कथित रूप से बीयर की टूटी हुई बोतल से एक प्रवासी मजदूर की हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के अनिल महतो के रूप में हुई है जबकि आरोपी नवीन महतो भी उसी जिले का रहने वाला है।
टांडा की थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत कौर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई जो बाद में हाथापाई में बदल गई।
उन्होंने बताया कि इस दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने कथित तौर पर बीयर की टूटी हुई बोतल से अनिल पर हमला कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि अनिल को जानलेवा जख्मों के साथ टांडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने कहा कि बाद में उसे जालंधर के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
कौर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश