Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

पाकिस्तान ने राजनाथ सिंह की टिप्पणियों की आलोचना की

इस्लामाबाद, 16 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने शुक्रवार को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस बयान की निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस्लामाबाद की ओर से भविष्य में होने वाली किसी भी आतंकवादी घटना का ‘‘और भी कठोर जवाब’’ दिया जाएगा।

विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा, ‘‘पाकिस्तान भारतीय रक्षा मंत्री की भड़काऊ टिप्पणियों को खारिज करता है और उनकी निंदा करता है।’’

सिंह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में एक रक्षा सम्मेलन में कहा था कि पाकिस्तान की ओर से भविष्य में होने वाली किसी भी आतंकी घटना का ‘‘और भी कठोर जवाब’’ दिया जाएगा।

उन्होंने रेखांकित किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’, बालाकोट हवाई हमलों और ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ के जरिए भारत की जवाबी कार्रवाई के तरीके में एक निर्णायक बदलाव आया है।

सिंह के बयानों को ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ करार देते हुए, खान ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी हमले के खिलाफ अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के संयम और शांति के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए, और किसी भी आक्रामकता का करारा जवाब दिया जाएगा।

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पांच अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने के लिए भारत द्वारा उठाया गया कदम ‘‘गैर-कानूनी और अमान्य’’ है।

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश