Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

पिछले दशक में आयुष नवाचार एव बौद्धिक संपदा में तीव्र वृद्धि देखी गयी : रिपोर्ट

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) आयुष क्षेत्र में पिछले दशक में नवाचार और बौद्धिक संपदा गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रगति नजर आयी है जिसके तहत 2014-15 से 2025-26 के बीच 4,077 पेटेंट आवेदन दिये गये और 711 को मंजूरी मिली। एक सरकारी रिपोर्ट से यह जानकारी सामने आयी है।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के 'पेटेंट, डिज़ाइन और ट्रेडमार्क महानियंत्रक कार्यालय' द्वारा भारत में आयुष संबंधी आविष्कारों पर प्रकाशित की गयी यह स्थिति रिपोर्ट 11वें आयुर्वेद दिवस के समारोह के दौरान जारी की गई।

यह रिपोर्ट 2014 से 2026 के बीच देश में आयुष से जुड़े आविष्कारों और बौद्धिक संपदा गतिविधियों के विकास की झलक पेश करती है।

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि पेटेंट दाखिल करने और उन्हें मंजूर किए जाने की संख्या में हुई उल्लेखनीय वृद्धि, इस क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और बौद्धिक संपदा पर उत्तरोत्तर ध्यान दिये जाने को दर्शाती है।

जाधव ने कहा, ‘‘सरकार एक ऐसा अनुकूल माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां पारंपरिक ज्ञान, वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक नवाचार नए उत्पादों, तकनीकों और समाधानों में योगदान दे सकें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि भारत की समृद्ध ज्ञान प्रणालियों को उचित सुरक्षा मिले।’’

रिपोर्ट में पेटेंट आवेदनों में भारी वृद्धि देखी गई है। वित्त वर्ष 2014-15 में 63 आवेदन थे, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 590 हो गए। यह लगभग 836.5 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

रिपोर्ट के अनुसार 2022-23 में आवेदन बढ़कर 606 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए थे, जिसके बाद 2023-24 में ये घटकर 299 रह गए। फिर 2025-26 में बढ़कर 590 हो गए।

सलाना मंजूर किए गए पेटेंट की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2015-16 में तीन पेटेंट मंजूर हुए थे, जबकि 2023-24 में इनकी संख्या बढ़कर 204 हो गई।

कोविड के बाद के दौर में पेटेंट गतिविधियों में काफी तेजी देखी गई। 2020-21 से 2025-26 के बीच कुल 2,854 आवेदन दर्ज किए गए, जो कुल आवेदनों का 70 प्रतिशत है; जबकि 2014-15 से 2019-20 के बीच 1,223 आवेदन दर्ज किए गए थे।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश