भुवनेश्वर, 16 अक्टूबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शुक्रवार को दावा किया कि ओडिशा में आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनावों में, उसने 13 राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों में से आठ में जीत हासिल की है।
उधर, बीजू जनता दल से संबद्ध बीजू छात्र जनता दल (बीसीजेडी) ने कहा है कि उसके उम्मीदवारों को 55-60 प्रतिशत सीटों पर विजय मिली।
राज्य में छात्र संघ चुनाव राजनीतिक आधार पर नहीं लड़े जाते लेकिन राजनीतिक दल उम्मीदवारों का समर्थन करते हैं।
अभाविप की प्रदेश सचिव दीप्तिमयी प्रतिहारी ने दावा किया कि उनके संगठन ने राज्य स्तरीय 13 विश्वविद्यालयों में से आठ में जीत हासिल की है।
उन्होंने कहा कि इसमें अध्यक्ष के 8, उपाध्यक्ष के 8, सचिव के 10 और सहायक महासचिव के 11 पदों पर जीत शामिल है।
बीजू छात्र जनता दल की अध्यक्ष इप्शिता साहू ने पत्रकारों को बताया, ‘‘बीसीजेडी के उम्मीदवार राज्य भर की लगभग 55 से 60 प्रतिशत यूनियनों में जीते हैं, जिनमें प्रतिष्ठित रामा देवी महिला विश्वविद्यालय और रेवेनशॉ विश्वविद्यालय भी शामिल हैं।’’
राज्य भर के 346 कॉलेजों और 13 विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव कराए गए।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश