नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया लि. ने मनोज मुरली को अपना मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) नियुक्त किया है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उनकी नियुक्ति 19 अक्टूबर से प्रभावी होगी।
वोडाफोन आइडिया लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी के नामांकन और पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर निदेशक मंडल ने इस नियुक्ति को मंजूरी दी।
मुरली (55) को दूरसंचार और परिवहन क्षेत्र में 25 साल से अधिक का अनुभव है। उन्होंने भारत और अफ्रीका में बड़े स्तर पर कारोबार के संचालन के दौरान आय, बाजार हिस्सेदारी तथा मुनाफे को बढ़ाने में भूमिका निभाई है।
सूचना के अनुसार, उन्होंने बिक्री, विपणन, वितरण, परिचालन और ग्राहक अनुभव जैसे क्षेत्रों में कारोबार को दोबारा पटरी पर लाने का नेतृत्व किया है। उनके अनुभव में मोबाइल, ब्रॉडबैंड, डायरेक्ट-टू-होम (डीटीएच), भुगतान बैंकिंग, मोबाइल कॉमर्स और डिजिटल कारोबार शामिल हैं।
मुरली इससे पहले ओला इलेक्ट्रिक में मुख्य कारोबार अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। वह रिलायंस जियो और भारती एयरटेल में भी काम कर चुके हैं।
कंपनी के अनुसार, उन्होंने पुणे स्थित सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट से एमबीए और पुणे विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की है।
वोडाफोन आइडिया ने अगस्त, 2025 में तत्कालीन मुख्य परिचालन अधिकारी अभिजीत किशोर को अक्षय मूंदड़ा की जगह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया था।
भाषा यासिर रमण
रमण