नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण की “सत्ता परिवर्तन” संबंधी टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस, ‘आप’ और कॉजपा की राजनीति का असली चेहरा यही है।
भूषण द्वारा एक प्रेस वार्ता में 'सत्ता परिवर्तन' के बारे में बात करने की वीडियो क्लिप पर प्रतिक्रिया देते हुए, गुप्ता ने कहा कि उनकी असलियत 'सामने आ गई है।'
भूषण ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच बृहस्पतिवार को 'सत्ता परिवर्तन' संबंधी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर हो रहे इन विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए गुप्ता ने ‘एक्स’ पर कहा, “ ‘गेम ओवर ब्रो’। एजेंडा बेनकाब हो गया है। यह कभी प्रदर्शन नहीं था, बल्कि इसका मकसद ‘सत्ता परिवर्तन’ था।”
उन्होंने कहा, “कुर्सी की भूख ऐसी कि युवाओं और किसानों को मोहरा बनाने से लेकर जाति-भाषा के नाम पर समाज को बांटने और देश की संवैधानिक संस्थाओं की साख पर हमला करने तक, हर हथकंडा अपनाने को तैयार हैं।”
गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस, ‘आप’ और कॉजपा की राजनीति का असली चेहरा यही है।
एक दिन पहले, कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके और छात्र संगठनों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ एक प्रेस वार्ता में, भूषण ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ 'असंतोष' फैलाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि अब यह संघर्ष 'वास्तव में सत्ता परिवर्तन' के लिए है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश