(तस्वीरों सहित)
गुवाहाटी, 16 अक्टूबर (भाषा) असम के नगांव जिले में शुक्रवार को लुब्रिकेंट के एक गोदाम में आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आग शहर के व्यस्त व्यावसायिक केंद्र इस्लामपट्टी में लगी, जो घनी आबादी वाले आवासीय इलाके के पास स्थित है।
एक अधिकारी ने बताया कि आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन दमकल की कई गाड़ियों ने आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोक लिया।
उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।
अधिकारी ने कहा कि आग लगने के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन आशंका है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।
नगांव से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित सांसद देवाशीष शर्मा स्थिति का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंचे।
इस बीच, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले के हैबरगांव इलाके में एक आटा मिल में भी आग लगने की घटना सामने आई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश