Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

आंध्र प्रदेश : स्थानीय निकाय चुनाव के नामांकन में हिंसा

पुंगनूर, 16 अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया के दौरान शुक्रवार को अन्नमय्या जिले के पुंगनूर कस्बे में हिंसा को लेकर सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए।

इस बीच, पुलिस ने दावा किया कि वाईएसआरसीपी के एक सांसद के काफिले की गाड़ियां लोगों के बीच से गुजरीं, जिससे पुलिसकर्मी और अन्य लोग घायल हो गए।

हिंसा स्थल के कथित दृश्यों में चार एसयूवी कार पलटी दिख रही है और उनकी खिड़कियों के शीशे टूटे हुए हैं, जबकि कुछ कारें जली हुई नजर आईं।

वाईएसआरसीपी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि जब राजमपेट से पार्टी सांसद पीवी मिधुन रेड्डी नामांकन दाखिल करने वाले पार्टी उम्मीदवारों के साथ जा रहे थे, तभी तेदेपा कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले की गाड़ियों पर पत्थरों, लाठियों और लोहे की छड़ों से हमला किया। हालांकि, पुलिस और सत्तारूढ़ तेदेपा ने इस आरोप से इनकार किया है।

मदनपल्ली के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बी. प्रसाद ने आरोप लगाया कि राजमपेट के सांसद पीवी मिधुन रेड्डी 10 से अधिक वाहनों के काफिले में पहुंचे, जिनमें ज्यादातर एसयूवी कार थीं। उन्होंने कहा कि काफिला बिना रुके इलाके से गुजरा, जिससे वहां अशांति फैल गई।

प्रसाद ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, “यह सांसद (रेड्डी) पर हमला नहीं था। वह नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही 10 से अधिक वाहनों के काफिले में पहुंचे और वहां अशांति फैल गई। इस घटना में पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हुए।”

तेदेपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, “पुंगनूर में सांसद मिधुन रेड्डी और उनके समर्थकों ने तेदेपा नेता मधु रॉयल पर हमला किया। उन्होंने जानबूझकर एक वाहन तेदेपा के उन उम्मीदवारों की ओर चला दिया, जो नामांकन पत्र दाखिल कर रहे थे, और पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।”

तेदेपा ने आरोप लगाया, “साक्ष्यों से पता चलता है कि मिधुन रेड्डी के काफिले के साथ आए गुंडे शराब के नशे में थे और जानबूझकर हमला करने के इरादे से वहां पहुंचे थे।”

वहीं, विपक्षी वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि तेदेपा कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोक दिया, वाईएसआरसीपी उम्मीदवारों को नामांकन केंद्र पहुंचने से रोकने की कोशिश की और उसके नेताओं के वाहनों में तोड़फोड़ की।

पार्टी ने दावा किया कि रेड्डी के साथ चल रहा एक सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गया और उसके सिर पर गहरा घाव आया।

वाईएसआरसीपी ने घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर कथित हमलावरों को रोकने या उम्मीदवारों की सुरक्षा करने में नाकाम रहने का आरोप भी लगाया।

घटना की निंदा करते हुए वाईएसआरसीपी ने राज्य निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप करने, पुलिस को आपराधिक मामले दर्ज करने और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश देने तथा कथित तौर पर हिंसा रोकने में नाकाम रहे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

पार्टी ने उम्मीदवारों और उनके प्रस्तावकों की सुरक्षा की भी मांग की।

आंध्र प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने हाल ही में 100 से अधिक शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए अधिसूचना जारी की है।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश