चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (भाषा) खुशवंत सिंह साहित्य महोत्सव का 15वां संस्करण 23 से 25 अक्टूबर तक कसौली में आयोजित किया जाएगा। इसमें साहित्य, पत्रकारिता, राजनीति, कारोबार, प्रौद्योगिकी और कला जगत की 80 से अधिक हस्तियां शामिल होंगी।
लेखिका मधुर सिंह के संयोजन में आयोजित इस महोत्सव का विषय ‘‘असहमति की कला : मतभेदों के पार संवाद’’ होगा। इसका उद्देश्य ‘‘बढ़ते ध्रुवीकरण वाले समाज में संवाद और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना’’ है।
महोत्सव के निदेशक और दिवंगत प्रसिद्ध लेखक खुशवंत सिंह के बेटे राहुल सिंह ने कहा कि यह आयोजन ‘‘अलग-अलग विचार रखने वाले लोगों को सार्थक चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।’’
महोत्सव में फिल्म निर्माता इम्तियाज अली, शिक्षाविद् सोनम वांगचुक, पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे, लेखक सार्थक आहूजा, अभिनेत्री संध्या मृदुल, पत्रकार विष्णु सोम, अभिनेत्री दिव्या दत्ता और गायक सतिंदर सरताज शामिल होंगे।
सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा, “चर्चाओं में साहित्य, राजनीति, कारोबार, प्रौद्योगिकी, समाज, संस्कृति और कला सहित कई विषयों पर बात होगी। इनमें यह जानने की कोशिश की जाएगी कि अलग-अलग विचारों को सुनने से लोग अपनी मान्यताओं पर सवाल उठाने और असहमतियों के बावजूद सहमति के बिंदु तलाशने में कैसे सक्षम हो सकते हैं।”
सभी सत्र कसौली क्लब के बैडमिंटन कोर्ट, टेरेस और टेनिस लॉन में आयोजित किए जाएंगे।
युवाओं को रचनात्मक कार्यशालाओं और गतिविधियों के माध्यम से जोड़ने के लिए ‘राइटिंग द नेक्स्ट चैप्टर’ नाम से एक पहल भी आयोजित की जाएगी।
इसका उद्देश्य युवा दर्शकों के बीच पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करना, जिज्ञासा को बढ़ावा देना और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना है।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश