बुलंदशहर, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार एक कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा अपराह्न करीब दो बजे नरोरा थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब रतनपुर गांव व खेड़िया के बीच शिव मंदिर के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ईको कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि कार में चालक सहित कुल आठ श्रद्धालू सवार थे।
पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
बुलंदशहर के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मृतकों की पहचान लोकेंद्र (28), लोकेंद्र के पिता रामदीन (50), बबीता (35), लोकेंद्र की एक वर्षीय बेटी प्रगति और कार चालक शिव शंकर उर्फ शिव शेखर मिश्र (55) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि घायलों की पहचान लोकेन्द्र की पत्नी ललिता (20), प्रतीक (चार) और अनिका (11) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में मारे गये लोग पड़ोसी कासगंज जिले के रहने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ के एक अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा किशोर आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र