Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा की तैयारियां जारी, तारीख और एजेंडा तय नहीं

(शरीष बी प्रधान)

काठमांडू , 16 अक्टूबर (भाषा) नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत की आधिकारिक यात्रा की तैयारियां जारी हैं, हालांकि अभी तक यात्रा की तारीख और एजेंडा तय नहीं हुआ है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गत 27 मार्च को पदभार संभालने वाले शाह ने अभी तक किसी देश की आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा नहीं की है। वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने अमेरिका गए थे।

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता के नेतृत्व में मार्च में सरकार बनने के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शाह को भारत आने का निमंत्रण दिया था। प्रस्तावित यात्रा पड़ोसी देश की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर छेत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि यात्रा की तारीख दोनों देशों के बीच आपसी सहमति से तय की जाएगी।

छेत्री ने कहा कि मंत्रालय शाह की भारत यात्रा के लिए नियमित तैयारियां कर रहा है। यह यात्रा नेपाल के प्रमुख हिंदू त्योहारों विजयादशमी, दीपावली और छठ के समाप्त होने के बाद हो सकती है।

यह लंबे समय से चली आ रही परंपरा रही है कि नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा भारत से करते हैं, हालांकि यह परंपरा कोई अनिवार्य नियम नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने 2024 में पहले चीन की यात्रा करके इस परंपरा से अलग रास्ता अपनाया था।

संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री शाह ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने में सहयोग के लिए नेपाल, भारत और चीन को शामिल करते हुए त्रिपक्षीय तंत्र बनाने का प्रस्ताव दिया था। सूत्रों के अनुसार, मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान वह यह प्रस्ताव रख सकते हैं।

यह प्रस्ताव 26 अगस्त को नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं की पृष्ठभूमि में आया था, जिनमें 1,400 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इन घटनाओं ने जलवायु संबंधी आपदाओं से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता को रेखांकित किया।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल

नेत्रपाल