रायपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार श्रम आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में ‘यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड’ की प्रस्तावित नई औद्योगिक इकाई के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता औद्योगिक विकास का लाभ युवाओं तक रोजगार और आर्थिक अवसरों के रूप में पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से नई औद्योगिक विकास नीति में ऐसे श्रम आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिनमें कम पूंजी निवेश से बड़ी संख्या में रोजगार सृजित करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि उसे रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और प्रदेश की समृद्धि का माध्यम बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड’ की प्रस्तावित इकाई राज्य के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना में 150 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है और इससे साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
इकाई में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। साय ने कहा कि राज्य सरकार ऐसे उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देना चाहती है, जो युवाओं और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भाषा संजीव जितेंद्र
जितेंद्र