नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) पंखे, बल्ब, गीजर जैसे उत्पाद बनाने वाली कंपनी क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 65 प्रतिशत बढ़कर 124.39 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 75.42 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसकी परिचालन आय जुलाई-सितंबर तिमाही में 18.15 प्रतिशत बढ़कर 2,263.29 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,915.57 करोड़ रुपये थी।
क्रॉम्पटन ग्रीव्स ने बयान में कह कि आय में वृद्धि सामान्य कारोबार में दहाई अंक की बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय कारोबार में अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री के बल पर हुई।
कंपनी ने कहा कि उसकी कर-पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) सालाना आधार पर 24.1 प्रतिशत बढ़कर 205 करोड़ रुपये हो गई।
क्रॉम्पटन ग्रीव्स का कुल खर्च दूसरी तिमाही में 17 प्रतिशत बढ़कर 2,113.91 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रोमीत घोष ने कहा, “यह क्रॉम्पटन के लिए लगातार तीसरी तिमाही है, जब विभिन्न खंडों में दहाई अंकों की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है। प्रमुख उत्पाद श्रेणियों में बाजार हिस्सेदारी भी बढ़ी है।”
भाषा यासिर रमण
रमण