Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

अर्जेंटीना टीम के कोच्चि में मैच नहीं खेलने के मामले में पूर्व खेल मंत्री को आरोपी बनाने की मांग

तिरुवनंतपुरम, 16 अक्टूबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कोच्चि में लियोनेल मेस्सी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के प्रस्तावित मैच के आयोजन में विफल रहने के मामले में पूर्व खेल मंत्री वी अब्दुरहमान को आरोपी बनाने की मांग की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, सतीशन ने राज्यपाल से इस मामले में अब्दुरहमान को आरोपी बनाने की अनुमति देने की मांग की।

प्रदेश की पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने पिछले साल अर्जेंटीना की टीम के एक फुटबॉल मैच की मेजबानी करने का प्रयास किया था।

राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इस प्रस्तावित आयोजन को प्रायोजित करने वाली कंपनी और उसके प्रबंध निदेशक के खिलाफ पूर्व में मामला दर्ज किया था।

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने हाल ही में जांच के सिलसिले में अब्दुरहमान से पूछताछ की थी।

अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आया कि प्रायोजक कंपनी के चयन की पहल कथित तौर पर अब्दुरहमान ने की थी।

उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए प्रायोजक कंपनी को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं में कई कथित अनियमितताएं भी सामने आईं, जिनमें कोच्चि स्थित जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को कंपनी को सौंपना भी शामिल है। यह स्टेडियम ग्रेटर कोचीन विकास प्राधिकरण के स्वामित्व में है।

एसआईटी ने जांच के आधार पर सतीशन को एक रिपोर्ट सौंपी और अब्दुरहमान को मामले में आरोपी बनाने की सिफारिश की।

अधिकारियों के अनुसार, अब्दुरहमान पिछली एलडीएफ सरकार में मंत्री थे। इसलिए सतीशन ने राज्यपाल की अनुमति लेने के लिए संबंधित फाइल लोक भवन भेज दी।

सतीशन ने अब्दुरहमान के निजी सचिव सत्यपालन और केरल राज्य खेल परिषद के पूर्व अध्यक्ष यू शरफ अली को भी मामले में आरोपी बनाने के लिए एसआईटी को अनुमति दे दी है।

सूत्रों ने बताया कि एसआईटी इन दोनों के खिलाफ पहले ही जांच शुरू कर चुकी है।

भाषा रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल