नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने और चांदी के भाव स्थिर रहे, जिससे उतार-चढ़ाव भरे सप्ताह के बाद मामूली राहत मिली। हालांकि, मजबूत होते रुपये ने बहुमूल्य धातुओं में सुधार की गुंजाइश को सीमित कर दिया।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार सभी करों सहित 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,49,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहा। चांदी भी 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
स्थानीय बाजार में इस सप्ताह के दौरान सोने की कीमतों में 4,500 रुपये यानी तीन प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि चांदी के दाम में 13,500 रुपये यानी छह प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
डिजिटल मंच जियोटस डॉट कॉम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विक्रम सुब्बुराज ने कहा कि बहुमूल्य धातुओं ने सोने के 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी के 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम की ओर फिसलने के बाद नुकसान की भरपाई करने का प्रयास किया। हालांकि, रुपये की लगातार मजबूती ने इस सुधार को सीमित कर दिया।
अमेरिकी डॉलर की हाजिर मांग को रोकने के लिए रिजर्व बैंक के कदमों के समर्थन से शुक्रवार को रुपया लगातार छठे कारोबारी सत्र में मजबूत हुआ और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे चढ़कर 94.92 पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 0.30 प्रतिशत बढ़कर 4,183.34 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी लगभग एक प्रतिशत की बढ़त के साथ 57.80 डॉलर प्रति औंस पर थी।
भविष्य के अनुमान पर मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि व्यापारियों के कच्चे तेल की कीमतों पर नजर रखे जाने के बीच सोने में हल्के तेजी के रुख के साथ एक सीमित दायरे में कारोबार की उम्मीद है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण