Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

न्यायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ‘डिजिटल कोर्ट टेक्नोलॉजी ऑफिस’ का उद्घाटन

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय की ई-कमेटी ने शुक्रवार को डिजिटल कोर्ट टेक्नोलॉजी ऑफिस (डीसीटीओ) का उद्घाटन किया। यह एक केंद्रीकृत निकाय है, जिसे भारतीय न्यायपालिका के तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रौद्योगिकी से जुड़ी पहलों की योजना बनाने, उन्हें लागू करने और उनकी निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ई-कमेटी के अध्यक्ष और उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने शीर्ष अदालत के प्रशासनिक भवन परिसर में इस कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ई-कमेटी के उपाध्यक्ष न्यायमूर्ति अंजनी कुमार मिश्रा एवं न्याय विभाग के सचिव नीरज वर्मा उपस्थित थे।

राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के महानिदेशक प्रियांक भारती और ई-कमेटी के सदस्य भी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।

आधिकारिक बयान के अनुसार, डीसीटीओ ई-कमेटी की सभी प्रौद्योगिकी संबंधी पहलों की योजना बनाने, उन्हें लागू करने, उनकी निगरानी करने और समग्र पर्यवेक्षण के लिए एक केंद्रीकृत प्रशासनिक एवं तकनीकी निकाय के रूप में कार्य करेगा।

ई-कमेटी ने अपने बयान में कहा कि इस कार्यालय की स्थापना ई-कोर्ट्स परियोजना के तहत न्यायपालिका की तकनीकी नींव को मजबूत करने के उसके निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

बयान में कहा गया कि इस पहल का उद्देश्य न्याय प्रशासन में दक्षता, पारदर्शिता और सुलभता बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करना है, ताकि समाज की बदलती जरूरतों के अनुरूप न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

भाषा रंजन नेत्रपाल

नेत्रपाल