नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो 20 अक्टूबर को मुलाकात कर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान जब यह पूछा गया कि क्या जयशंकर मुंबई के अपने प्रस्तावित दौरे के दौरान रूबियो से मुलाकात करेंगे।
जायसवाल ने कहा, ‘‘विदेश मंत्री 19 और 20 अक्टूबर, 2026 को मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की आधिकारिक यात्रा के दौरान उनकी मेजबानी करेंगे। इसके बाद 20 अक्टूबर को विदेश मंत्री अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ वार्ता करेंगे और अमेरिका की आजादी की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में होने वाले समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।’’
जायसवाल ने कहा कि विदेश मंत्री जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो के बीच बैठक से दोनों पक्षों को व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।
अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बृहस्पतिवार को यहां ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में एक संवाद सत्र के दौरान कहा था कि रूबियो मुंबई में भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और ‘‘हमें उम्मीद है कि मंत्री डॉ. एस जयशंकर भी वहां मौजूद रहेंगे।’’
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा था कि रूबियो दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करने के लिए अगले सप्ताह भारत की यात्रा करेंगे।
उसने बताया था कि रूबियो पहले उज्बेकिस्तान के समरकंद जाएंगे और फिर 17 से 22 अक्टूबर के बीच भारत में मुंबई और जामनगर का दौरा करेंगे।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश