Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

बिहार: मधेपुरा में राजद विधायक के चचेरे भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

मधेपुरा, 16 अक्टूबर (भाषा) बिहार के मधेपुरा जिले में शुक्रवार को मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने दिनदहाड़े 25 वर्षीय पीएचडी शोधार्थी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर यादव के चचेरे भाई थे।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान प्रिंस रंजन के रूप में हुई है और वह जिले के घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव के निवासी थे।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, रंजन शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मोटरसाइकिल से बीएन मंडल विश्वविद्यालय जा रहे थे और इसी दौरान मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र में नहर के पश्चिम स्थित गोढ़ियारी ईंट भट्ठे के पास हमलावरों ने उनकी पीठ में गोली मार दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, विधायक चंद्रशेखर यादव ने दावा किया कि मोबाइल फोन छीनने के दौरान हमलावरों ने रंजन को गोली मार दी।

उन्होंने प्रशासन से मामले की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

विधायक ने कहा कि सुनसान स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

भाषा सं कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र