दुबई, 16 अक्टूबर (भाषा) भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को शुक्रवार को हवाई हमले की स्थिति में घरों के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही उमरा पर जाने वाले लोगों समेत अन्य यात्रियों से अपनी यात्रा के दौरान उड़ानों को लेकर जारी व्यवधान का ध्यान रखने को भी कहा।
यह नया परामर्श यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद खाड़ी देश में बढ़े तनाव के बीच जारी किया गया है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल भारतीय नागरिकों की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि दो लोग अब भी गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं, जबकि एक व्यक्ति को आईसीयू से स्थानांतरित कर दिया गया है।
दूतावास ने बताया कि तीन अन्य भारतीय नागरिक सामान्य वार्ड में उपचाराधीन हैं।
रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी, जबकि 11 भारतीय नागरिकों समेत कई अन्य लोग घायल हुए।
दूतावास ने कहा कि रियाद हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन अब भी निलंबित है। दम्माम, जेद्दा और मदीना हवाई अड्डों पर उड़ान परिचालन जारी है, हालांकि कुछ व्यवधान हैं।
दूतावास की ओर से साझा नवीनतम जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दी गई हैं।
वहीं, अकासा एयर ने रियाद आने-जाने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर तक और जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानें 21 अक्टूबर तक निलंबित कर दी हैं। इंडिगो की रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द कर दी गई हैं।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र