नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का आवंटन चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में 62.9 प्रतिशत बढ़कर 2,236.3 किलोमीटर रहा। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह (ईटीसी) में लगातार वृद्धि हुई। समीक्षाधीन अवधि में ऐसे लेनदेन सालाना आधार पर 24.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 225.2 करोड़ तक पहुंच गए।
इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह का मूल्य 11.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 36,994.5 करोड़ रुपये रहा। यह सड़क नेटवर्क में इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग को लगातार अपनाए जाने और टोल संग्रह के बढ़ते डिजिटलीकरण को बताता है।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने पैमाना (राष्ट्र निर्माण के लिए परियोजना मूल्यांकन, अवसंरचना निगरानी एवं विश्लेषण) प्रदर्शन डैशबोर्ड का तिमाही अपडेट जारी किया। यह मानकीकृत संकेतकों के जरिये प्रमुख बुनियादी ढांचा क्षेत्रों के प्रदर्शन को दर्शाता है।
नागर विमान क्षेत्र में हवाई माल ढुलाई में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल-अगस्त के दौरान संभाला गया माल ढुलाई सालाना आधार पर 12.0 प्रतिशत बढ़कर 18.6 लाख टन हो गया।
विमानन क्षेत्र भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी समर्थन दे रहा है। वित्त वर्ष 2026-27 में अगस्त तक 30.49 लाख विदेशी पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया, जो सालाना आधार पर दो प्रतिशत अधिक है।
दूरसंचार क्षेत्र में अगस्त 2026 तक बिछाई गई कुल ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) 7,52,113 किलोमीटर तक पहुंच गई। इस दौरान प्रमुख बंदरगाहों पर संभाला गया माल सालाना आधार पर 7.2 प्रतिशत बढ़कर 39.04 करोड़ टन हो गया।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण