Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

खुशी ने अंडर-16 युगल खिताब जीता, तीन खिताब जीतने की राह पर

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा की खुशी कादियान ने शुक्रवार को यहां फेनेस्टा ओपन राष्ट्रीय टेनिस चैंपियनशिप में तमिलनाडु की सन्मिता हरिणी के साथ मिलकर लड़कियों का अंडर-16 युगल खिताब जीत लिया।

इसके साथ ही वह टूर्नामेंट में तीन खिताब जीतने की उपलब्धि हासिल करने की राह पर बनी हुई हैं।

तेरह वर्षीय खुशी ने अंडर-16 और अंडर-14 एकल वर्ग के फाइनल में भी जगह बना ली है।

तीसरी वरीयता प्राप्त खुशी और हरिणी ने चौथी वरीयता प्राप्त पूर्वी पटवा और रंजना संग्राम की जोड़ी को 6-3, 6-3 से हराया। यह खुशी का दिन का तीसरा मुकाबला था।

इससे पहले खुशी ने लड़कियों के अंडर-16 और अंडर-14 एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले जीते। दोनों मैचों में उन्होंने कुल सात गेम गंवाए।

अंडर-16 वर्ग में 14वीं वरीयता प्राप्त खुशी ने तीसरी वरीयता प्राप्त आराध्या मीणा को 6-0, 6-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में उनका सामना सातवीं वरीयता प्राप्त रंजना संग्राम से होगा।

रंजना ने दूसरे सेमीफाइनल में पांचवीं वरीयता प्राप्त अक्षिता अंतिल को 6-1, 6-4 से हराया।

लड़कियों के अंडर-14 वर्ग में खुशी ने सांवी मोहन को 6-1, 6-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में उनका सामना दूसरी वरीयता प्राप्त सिद्धि पांडे से होगा।

सिद्धि ने दूसरे सेट में 1-5 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 10वीं वरीयता प्राप्त आराधना तेहलान को 6-1, 7-6 (7-5) से हराया।

वहीं चंडीगढ़ के रिभव सरोहा भी दो खिताब जीतने के करीब पहुंच गए हैं। पिछले सप्ताह लड़कों के अंडर-18 वर्ग का खिताब जीतने वाले रिभव ने अंडर-16 एकल वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है।

रिभव ने कुशाग्र अरोड़ा को 6-0, 6-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में उन्होंने केवल एक गेम गंवाया।

फाइनल में उनका सामना गैरवरीय यशविन दहिया से होगा, जिन्होंने विवान मिर्धा को 6-4, 2-6, 6-3 से हराया।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द