Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

फेडरल बैंक का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 45 प्रतिशत बढ़कर 1,386 करोड़ रुपये पर

मुंबई, 16 अक्टूबर (भाषा) निजी क्षेत्र के फेडरल बैंक का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 45 प्रतिशत बढ़कर 1,386 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से आय बढ़ने के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है।

दक्षिण भारत के इस बैंक का शुद्ध लाभ 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 955 करोड़ रुपये और इससे पिछली (अप्रैल-जून 2026) तिमाही में 1,177 करोड़ रुपये था।

बैंक का जना स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ विलय के लिए बातचीत के काफी आगे बढ़ने की खबरों के बीच उसके मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक केवीएस मणियन ने इस बारे में कोई स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि बैंक का अन्य कंपनियों के अधिग्रहण या विलय के जरिये कारोबार बढ़ाने के अवसरों में रुचि बनी हुई है और वह विभिन्न विकल्पों का आकलन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल इस बारे में बताने के लिए कोई विशेष बात नहीं है।

समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय 26 प्रतिशत बढ़कर 3,153 करोड़ रुपये हो गई। बैंक की गैर-ब्याज आय एक साल पहले की समान अवधि के 1,082 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,490 करोड़ रुपये हो गई।

मणियन ने कहा कि एफसीएनआर (बी) योजना के तहत विदेश में रहने वाले भारतीयों से 1.5 अरब अमेरिकी डॉलर की जमा राशि जुटाने से थोक जमा पर निर्भरता कम करने और परिसंपत्तियों के वित्तपोषण, दोनों में मदद मिली। थोक जमा पर निर्भरता घटने से शुद्ध ब्याज मार्जिन में सुधार हुआ।

उन्होंने बताया कि बैंक ने उपलब्ध कराई गई इस सुविधा का लाभ उठाकर 9,438 करोड़ रुपये के अतिरिक्त खुदरा कर्ज भी दिए।

परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर, नए फंसे कर्ज की राशि एक साल पहले की समान अवधि के 579 करोड़ रुपये से घटकर 420 करोड़ रुपये रह गई। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) का अनुपात भी तीन महीने पहले के 1.52 प्रतिशत से घटकर 1.32 प्रतिशत हो गया।

भाषा निहारिका रमण

रमण