Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

राजनीतिक पराजय का बदला देश से लेना चाहती है कांग्रेस: मदन राठौड़

जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह विपक्षी पार्टी राजनीतिक पराजय का बदला देश से लेना चाहती है, जो उसके नैतिक मूल्यों के पतन की पराकाष्ठा है।

राठौड़ ने यहां कहा कि ‘रिजीम चेंज’, ‘रेजिस्टेंस’ और ‘संसद नहीं, सड़क से ही रास्ता निकलता है’ जैसे बयान अराजकता के माध्यम से भारत की विकास यात्रा को बाधित करने के प्रयासों को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा, “राजस्थान की जनता भी कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को समझती है। राज्य में कांग्रेस के शासनकाल के अनुभवों से जनता जानती है कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए भ्रम फैलाने और विरोध की राजनीति करने से विकास नहीं होता।”

राठौड़ ने कहा, “हिंसा, अराजकता और बांग्लादेश जैसी स्थिति उत्पन्न करने की राजनीति करने वाली कांग्रेस ने महात्मा गांधी का नाम लेने का नैतिक अधिकार खो दिया है।”

उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान में सत्ता परिवर्तन का अधिकार जनता को मतदान के माध्यम से मिला है, न कि सड़क पर गुंडागर्दी करने वालों को।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले भी आंबेडकर का सम्मान नहीं किया और आज भी संविधान की भावना का पालन नहीं कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस से जनादेश का सम्मान करने और देश की विकास यात्रा में बाधा बनने के बजाय जनहित के मुद्दों पर रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने का आग्रह किया।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र