Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

महाराष्ट्र सरकार की 5,000 रुपये की सहायता राशि किसानों के लिए अपर्याप्त : आठवले

छत्रपति संभाजीनगर, 16 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार सूखाग्रस्त किसानों को दिवाली से पहले जो 5,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने की योजना बना रही है, वह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सहायता राशि बढ़ाने का अनुरोध करेंगे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ने यह भी कहा कि यदि विपक्षी दल चाहते हैं कि चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाए, तो उन्हें निर्वाचन आयोग को इसके लिए राजी करना चाहिए।

आठवले जिले के सूखाग्रस्त गांवों के दौरे पर रवाना होने से पहले यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की कुल 358 तहसीलों में से 305 को सूखाग्रस्त घोषित किया है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बुधवार को घोषणा की थी कि दिवाली से पहले किसानों के बैंक खातों में शुरुआती राहत राशि के तौर पर 5,000 रुपये सीधे जमा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले किसानों को तत्काल सहायता देने के लिए यह फैसला लिया गया है, क्योंकि प्रशासन की ओर से पूरा आकलन करने और केंद्र सरकार की मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने में समय लगता है और कानूनी रूप से ये प्रक्रियाएं दिवाली से पहले पूरी नहीं हो सकतीं।

आठवले ने इसका उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘शुरुआती कदम के तौर पर सरकार ने 5,000 रुपये की सहायता की घोषणा की है। लेकिन दिवाली के लिए यह राशि पर्याप्त नहीं है। मैं मुख्यमंत्री से बात करूंगा और उन्हें लोगों की भावनाओं से अवगत कराऊंगा। मैं यह देखने की कोशिश करूंगा कि सहायता राशि कैसे बढ़ाई जा सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार की टीमों ने इस (सूखाग्रस्त) क्षेत्र का सर्वेक्षण किया है और वे अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। केंद्र को यहां के लोगों की मदद करनी चाहिए और मैं भी इसके लिए प्रयास करूंगा। मुझे विश्वास है कि सरकार अच्छी-खासी राशि की घोषणा करेगी।’’

दिल्ली में ‘इंडिया’ गठबंधन और कॉकराच जनता पार्टी (कॉजपा) के जारी प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए आठवले ने कहा कि इन प्रदर्शनों से राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों को परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के जिम्मेदार पद पर हैं और उन्हें समझना चाहिए कि विपक्षी दलों को भी देश को आगे ले जाने की जरूरत है। रोजाना होने वाले प्रदर्शनों से दिल्ली के लोगों को परेशानी होती है और वे इसकी शिकायत कर रहे हैं। प्रदर्शन होने चाहिए, लेकिन लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए।’’

भाषा तान्या शफीक

शफीक