शाजापुर, 16 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे कर्मचारियों की ट्रॉली को ट्रेन ने टक्कर मार दी, जिससे एक कर्मचारी की मौत हो गई और एक अन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जीआरपी चौकी मक्सी के उपनिरीक्षक दीपक भगत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हादसा पूर्वाह्न करीब 10 बजकर 52 मिनट पर उज्जैन-भोपाल रेल मार्ग पर मक्सी और पीर उमरोद रेलवे स्टेशन के बीच हुआ।
उन्होंने बताया कि मार्ग परिवर्तित कर चलाई जा रही निजामुद्दीन-वास्को-द-गामा गोवा एक्सप्रेस (12780) की टक्कर से ट्रॉली पर काम कर रहे भगवान सिंह (36) की मौत हो गई, जबकि दिलीप जायसवाल (35) गंभीर रूप से घायल हो गया।
भगत ने बताया कि भगवान सिंह बल्दिया सोन गांव का निवासी था।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया जबकि घायल कर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं दिमो जितेंद्र
जितेंद्र