नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन में भाग लेने जाते समय एहतियातन हिरासत में ले लिया।
दीपके को झंडेवालान स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया, वहीं बोरा को मंडी हाउस से हिरासत में लिया गया। इन हिरासतों के दौरान भीड़, कैमरा कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की के दृश्य देखने को मिले।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिरासत में लेने के बाद दीपके को जाफरपुर कलां थाने ले जाया गया।
इससे पहले दिन में, दिल्ली पुलिस के 20 से अधिक पुलिसकर्मी झंडेवालान स्थित दीपके के आवास पर पहुंचे और उन्हें एक नोटिस थमाया, जिसमें उनसे ऐसा कोई भी कदम उठाने से बचने का निर्देश दिया गया जिससे नागरिकों, व्यापारियों, यात्रियों, मरीजों और अन्य लोगों के अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
हिरासत की कार्रवाई शुक्रवार शाम को प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच हुई हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए संसद मार्ग थाने स्थित नयी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय का दौरा किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमने दीपके और बोरा को हिरासत में ले लिया है। स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। कुछ प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस पहुंच गए हैं और उन्हें जल्द ही हटा दिया जाएगा। हमारा मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सुचारू यातायात आवाजाही सुनिश्चित करना है।'
सुरक्षाकर्मियों ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क की घेराबंदी कर दी और इसकी धातु की रेलिंग के साथ एक मानव श्रृंखला बना दी। पार्क के बाहर आंसू गैस के गोले दागने वाले वाहन और एक वज्र वाहन तैनात किया गया था, जबकि भीतर रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को तैनात किया गया था।
कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्किल में यातायात को नियंत्रित करने के लिए कई यातायात पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया था।
पुलिस ने विभिन्न नारे लगा रहे अलग-अलग समूहों को मार्च की अनुमति दी। कुछ प्रदर्शनकारी तिरंगा लहराते हुए पहुंचे।
कॉजपा और छात्र संगठनों के सदस्यों सहित सैकड़ों प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस और मंडी हाउस में विरोध-प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए और पुलिस की भारी तैनाती के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश