Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए महासंघों को मिलने वाली सहायता में भारी बढ़ोतरी

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) देश में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा देने के लिए खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को 50 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान किया है।

मंत्रालय ने संशोधित राष्ट्रीय खेल महासंघ सहायता योजना के संचालन संबंधी दिशा-निर्देश जारी करते हुए यह घोषणा की। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए महासंघों को अधिकतम दो करोड़ रुपये तक की सहायता दी जाती थी।

मंत्रालय के अनुसार संशोधित दिशा-निर्देश भारत के दीर्घकालिक खेल दृष्टिकोण और 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दावेदारी के साथ 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के अनुरूप तैयार किये गये हैं।

मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘‘अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता आयोजन के स्वरूप और महत्त्व, इसमें भाग लेने वाले देशों तथा खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर तय की जाएगी। राष्ट्रीय खेल महासंघों से प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन खेल सचिव की अध्यक्षता वाली एक नामित समिति करेगी।’’

इस योजना में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए भी 50 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। इस राशि का इस्तेमाल खेल उपकरणों की व्यवस्था, टाइमिंग, स्कोरिंग एवं परिणाम (टीएसआर) सेवाओं, तकनीकी अधिकारियों के पारिश्रमिक और प्रतियोगिताओं के तकनीकी संचालन पर किया जा सकेगा।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता