नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में एक महिला समेत चार अफ्रीकी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान नाइजीरिया के ओकोली इफेचुक्वु ब्राइट (35) व उचेचुक्वु जान (35), सेनेगल के सेन फाये और युगांडा की नसीमा अमीना उर्फ नालुबगा मरियम (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से कुल 168 ग्राम कोकीन, 35,900 रुपये नकद, तोल मशीन, पैकिंग का सामान, स्कूटी और मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रोहिणी जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कई टीम आपूर्ति शृंखला को खत्म करने के लिए काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि पहले सेन फाये को पकड़ा गया था और उसके पास से 17 ग्राम कोकीन बरामद हुई। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से नशीला पदार्थ और अन्य सामान बरामद हुआ।
भाषा नोमान गोला
गोला