जयपुर, 16 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार को छात्राओं से कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में शोध कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में बेटियां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। बागडे, बीकानेर स्थित राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पशुपालन देश और प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
बागडे ने अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और ग्रामीण समुदायों को आजीविका उपलब्ध कराने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्यपाल ने डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि कृषि और पशुपालन एक-दूसरे के पूरक हैं तथा किसान खेती के साथ दुग्ध उत्पादन से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
राज्यपाल ने युवाओं से अपनी क्षमताओं का उपयोग देश की प्रगति के लिए करने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि नैतिकता, ईमानदारी और विवेक का विकास कर देश के लिए योगदान देना भी है।
बागडे ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में 2.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र